फीचर्ड
सहजनवा में सनसनी: फुल्की खाने निकले 5 वर्षीय मासूम का 24 घंटे बाद झाड़ियों में मिला शव, हत्या से दहला इलाका
गुरुबार को कुल्फी लेने निकला था मासूम, रात भर हलकान रही पुलिस
रिपोर्टर- जनेश्वर मिश्र (सहजनवां तहसील)
सहजनवां :गोरखपुर। सहजनवा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 पिपरा में पांच वर्षीय मासूम अंशुमान सिंह की हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गुरुवार शाम फुल्की खाने के लिए घर से निकला मासूम शुक्रवार शाम करीब 24 घंटे बाद झाड़ियों के बीच स्थित एक खंडहर में मृत अवस्था में मिला। शव बोरे से ढका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध फुल्की विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फुल्की खाने निकला था मासूम, फिर नहीं लौटा घर
जानकारी के अनुसार, अंशुमान सिंह पुत्र विपिन सिंह गुरुवार शाम करीब पांच बजे अपनी दादी से पैसे लेकर फुल्की खाने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक घर वापस नहीं आने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
पुलिस ने पूरी रात आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई लोगों से पूछताछ की। शुक्रवार शाम एक सीसीटीवी फुटेज में मासूम एक फुल्की विक्रेता के साथ जाता दिखाई दिया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने खोजबीन तेज की और झाड़ियों के बीच स्थित एक खंडहर तक पहुंची, जहां बोरे से ढका मासूम का शव बरामद हुआ।
शव मिलने से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे अधिकारी
शव बरामद होने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ गीडा के.एन. आनंद, गीडा थाना प्रभारी अश्वनी पांडे, हरपुर बुदहट थाना प्रभारी प्रशांत पाठक समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, सभी पहलुओं पर जांच
पुलिस ने एक संदिग्ध फुल्की विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत के कारण या घटना के पीछे की वजह पर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। सोशल मीडिया पर चल रही विभिन्न चर्चाओं और अटकलों की भी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।

सीओ बोले—जल्द होगा घटना का खुलासा
सीओ गीडा के.एन. आनंद ने बताया कि परिजनों से तहरीर ली जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार साक्ष्य जुटाने और संदिग्धों से पूछताछ में लगी हैं। मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


Comments