नवीनतम
राजनीति
सीबीआई के जाल में फंसे डाक विभाग के अधिशासी अभियंता, डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
स्वतंत्र प्रभात ।
संवाददाता सरस सिंह
प्रयागराज।
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बृहस्पतिवार को प्रयागराज में बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) आशीष अग्रवाल को कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई प्रधान डाकघर परिसर में की गई, जिससे पूरे विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई को अधिशासी अभियंता द्वारा सुविधा शुल्क मांगने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के सत्यापन और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। गुरुवार को जैसे ही रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ, पहले से तैनात सीबीआई टीम ने तत्काल छापा मारकर अधिकारी को पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान प्रधान डाकघर परिसर में अचानक हलचल बढ़ गई। सीबीआई अधिकारियों ने मौके पर ही आरोपी अधिकारी से प्रारंभिक पूछताछ की और रिश्वत के रूप में ली गई रकम को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कई घंटों तक कार्यालय में जांच-पड़ताल चलती रही।
Read More छतनाग रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा: सड़क पार कर रहे युवक की मौत, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल।दस्तावेज खंगाले, कर्मचारियों से भी पूछताछ
सीबीआई टीम ने कार्रवाई के दौरान संबंधित अभिलेखों और दस्तावेजों की भी जांच की। मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के लिए विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की गई। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिश्वतखोरी का यह मामला किसी एक व्यक्ति तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को साथ ले गई टीम
पूछताछ और आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद सीबीआई की टीम आरोपी अधिशासी अभियंता को अपने साथ ले गई। सूत्रों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विभागीय गलियारों में चर्चा तेज
प्रधान डाकघर में हुई इस कार्रवाई के बाद डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। सरकारी विभाग में इतने वरिष्ठ अधिकारी की गिरफ्तारी ने विभागीय कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीबीआई करेगी नेटवर्क की जांच
सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि कथित रिश्वत की मांग किन परिस्थितियों में की गई थी और क्या इस प्रकरण में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी किसी प्रकार से जुड़े हुए हैं।


Comments