नवीनतम
फीचर्ड
प्यासे राहगीरों के लिए फरिश्ता बने आरक्षी, ड्यूटी के साथ निभा रहे मानवता का धर्म
बीजपुर के श्रीराम चौक पर राहगीरों और श्रमिकों के लिए आरओ शीतल जल सेवा बनी सहारा
संतोष कुमार गुप्ता( संवाददाता)
बीजपुर /सोनभद्र-
भीषण गर्मी और तेज धूप और लू के थपेड़ों के बीच जहां राहगीरों, मजदूरों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है, वहीं बीजपुर थाना में तैनात आरक्षी एवं हल्का बीट प्रभारी चंदन सिंह यादव मानवता की मिसाल बनकर सामने आए हैं।
आरक्षी चंदन सिंह यादव की पहल पर बीजपुर के श्रीराम चौक पर शुद्ध आरओ शीतल जल प्याऊ एवं बतासा सेवा की व्यवस्था शुरू की गई है। इस सेवा का लाभ परियोजना क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों, बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों और राहगीरों को मिल रहा है। चिलचिलाती धूप में ठंडा शुद्ध पानी और बतासा मिलने से लोगों को बड़ी राहत महसूस हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में यह व्यवस्था किसी अमृत से कम नहीं है।
लोगों ने बताया कि जहां एक ओर गर्मी के कारण आमजन परेशान हैं, वहीं पुलिस विभाग के एक जवान द्वारा ड्यूटी के साथ मानव सेवा का यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। आरक्षी चंदन सिंह यादव ने यह साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए पहले भी हो चुके हैं सम्मानित आरक्षी चंदन सिंह यादव अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदार कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए पहले भी चर्चाओं में रहे हैं। जनहित से जुड़े सराहनीय कार्यों के लिए उन्हें पुलिस अधीक्षक द्वारा ‘गुड सेमेरिटन’ अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं महाकुंभ मेले में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें मुख्यमंत्री एवं डीजीपी द्वारा प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया था।
उनकी इस जनसेवा पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विश्राम सागर गुप्ता, रविंद्र गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए आरक्षी चंदन सिंह यादव के प्रयासों की प्रशंसा की।


Comments