नवीनतम
फीचर्ड
मानसरोवर चौराहे पर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद।
स्वतंत्र प्रभात रिपोर्ट सरस सिंह
प्रयागराज। थाना कोतवाली पुलिस ने तीन दिन पूर्व मानसरोवर चौराहे पर हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मानसरोवर चौराहे पर हुई फायरिंग की घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समीर अहमद तथा राजन पुत्र फिरोज के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी अन्य आपराधिक घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।


Comments