नवीनतम
फीचर्ड
ग्रामीणों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही होगा त्वरित गति से समाधान : प्रभारी मंत्री
ग्रामीणों को कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, यही सरकार की प्राथमिकता
45 पंचायतों में लगा सहयोग शिविर
स्वतंत्र प्रभात | संवाददाता अतुल कुमार
बेतिया। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में आज पश्चिम चम्पारण जिले की कुल 45 ग्राम पंचायतों में “सहयोग शिविर” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की गई, वहीं पूर्व से लंबित मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान कर हजारों ग्रामीणों को राहत पहुंचायी गयी। शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन सहायता, कृषि, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं पर सुनवाई की गयी। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की गयी। इसी क्रम में बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विभाग के माननीय मंत्री सह पश्चिम चम्पारण के प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने बैरिया प्रखंड के सूर्यपुर पंचायत, नौतन प्रखंड के पश्चिमी नौतन पंचायत एवं मझौलिया प्रखंड के मोहद्दीपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कई लाभुकों को प्रभारी मंत्री द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत स्वीकृति पत्र, पेंशन लाभ, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निर्धन, किसान, मजदूर, महिलाओं एवं जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि पंचायत स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। वहीं सूचना प्रावैद्यिकी विभाग, बिहार के सचिव सह पश्चिम चम्पारण के प्रभारी सचिव अभय कुमार सिंह ने नरकटियागंज प्रखंड के बिनवलिया पंचायत, चनपटिया प्रखंड के चुहड़ी पंचायत तथा लौरिया प्रखंड के बगही बसवरिया पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में उपस्थित लाभुकों से बातचीत कर योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कई लाभुकों को प्रभारी सचिव द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर प्रशासनिक जवाबदेही एवं जनसरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण है। सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्था एवं नियमित निगरानी के माध्यम से सरकार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयासरत है।जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा सहित जिले के सभी जिलास्तरीय पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का भ्रमण किया गया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शिविरों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदनों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी तथा सभी विभागों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित ऐसे शिविर ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ योजनाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी बना रहे हैं। जिला प्रशासन आगे भी इसी तरह जनहित में कार्य करता रहेगा।
स्वतंत्र प्रभात – जितेंद्र कुमार राजेश


Comments