सीडीओ ने सीएचसी पहुंचकर की जांच।
घायल को चार घंटे करना पड़ा एंबुलेंस का इंतजार
लालगंज (रायबरेली)। एंबुलेंस मिलने में हुई देरी का मामला अब प्रशासनिक जांच तक पहुंच गया है। मीडिया में खबर आने के बाद जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया है। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इसकी जांच की। दरअसल पंडित का पुरवा गांव निवासी अजय (36) सोमवार को घर के पास नीम के पेड़ पर चढ़कर टूटी डाल काट रहा था।
इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसकी कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं। परिजन घायल को तुरंत सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुबह करीब 9:30 बजे उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोप है कि रेफर होने के बाद परिजन लगातार डायल 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन करते रहे लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। करीब चार घंटे बाद एंबुलेंस मिली तब जाकर घायल को जिला अस्पताल भेजा जा सका।
इस दौरान वह सीएचसी में दर्द से तड़पता रहा। मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को सीडीओ और एसीएमओ की टीम अस्पताल पहुंची। सीडीओ ने सोमवार को इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों से जानकारी ली। इमरजेंसी रजिस्टर की फोटोकॉपी भी अपने साथ ले गईं। जांच के दौरान बीडीओ गगनदीप सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमल पटेल, डॉ. गौरव पांडेय, डॉ. प्रियंका समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।
रायबरेली लालगंज जिलाधिकारी जिला अस्पताल रेफर स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य समाचार स्वास्थ्य विभाग जांच प्रशासनिक जांच चिकित्सा लापरवाही सीएचसी लालगंज एंबुलेंस सेवा डायल 108 मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता पंडित का पुरवा अजय घायल नीम पेड़ हादसा ऊंचाई से गिरना कमर व पैर की चोट एसीएमओ इमरजेंसी रजिस्टर सरकारी अस्पताल व्यवस्था एंबुलेंस देरी


Comments