बच्चा बदलने’ की अफवाह से सीएचसी में हड़कंप

दो प्रसूताओं के परिजन भिड़े। स्टाफ ने कराया मामला शांत।

Abhinav Shukla Picture
Published On

लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महिला वार्ड में शनिवार को अचानक हड़कंप मच गया। बच्चा बदलने की आशंका को लेकर दो प्रसूताओं के परिजन आपस में भिड़ गए। वार्ड में देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। दरअसल लालूमऊ गांव निवासी शिमला पत्नी दीपू को प्रसव पीड़ा होने पर सुबह करीब 10 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पूरे राना मजरे त्रिवेदिन का पुरवा जनता बाजार निवासिनी विनीता पत्नी दिनेश को भी करीब 11 बजे भर्ती किया गया। दोपहर करीब 1:30 बजे दोनों महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया। इसी दौरान विवाद की स्थिति बन गई।

विनीता के परिजनों का आरोप था कि प्रसव के बाद उन्हें बेटा हुआ था जबकि स्टाफ ने उन्हें बेटी होने की जानकारी दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों प्रसूताओं के परिजन आपस में उलझ पड़े। बात डीएनए टेस्ट तक पहुँच गई। जच्चा बच्चा वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों और तीमारदारों में भी डर और भ्रम की स्थिति बन गई। हंगामे की सूचना मिलते ही स्टाफ नर्स और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को शांत कराया। चिकित्सीय स्टाफ ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अदला बदली नहीं हुई है।

चिकित्सीय स्टाफ ने देर तक काउंसलिंग करने के बाद दोनों परिवारों को संतुष्ट किया गया। काफी समझाने-लिए बुझाने के बाद दोनों पक्षों के परिजन मान गए और विवाद शांत हुआ। हालांकि, घटना के बाद काफी देर तक महिला वार्ड में अफरा तफरी का माहौल बना रहा। सीएचसी अधीक्षक का कहना है कि दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। कहा कि इस तरह की अफवाहों से बचना चाहिए। सभी प्रसव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जाती है। किसी भी शंका की स्थिति में तत्काल स्टाफ से संपर्क करना चाहिए।


About The Author

Post Comments

Comments

नवीनतम समाचार