उपायुक्त हेमंत सती ने किया शेख़ भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण
उपायुक्त हेमंत सती ने 5 मई को शेख़ भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हजारीबाग, झारखंड:- उपायुक्त हेमंत सती ने 5 मई को शेख़ भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर का भ्रमण करते हुए पार्किंग व्यवस्था, एम्बुलेंस की उपलब्धता एवं उनकी संख्या की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिसर के अंदर सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने हेतु नगर निगम को इसके संचालन की जिम्मेदारी सौंपने का निर्देश दिया। अस्पताल में मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए उपायुक्त ने संचालित जन औषधि केंद्र एवं दवा काउंटर की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को समय पर एवं सहज रूप से दवाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कोल्ड चेन, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को कार्यरत कर्मियों, एमपीडब्ल्यू एवं रिक्त पदों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जिससे संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। उपायुक्त ने नेत्र विभाग का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने उपलब्ध मशीनों की जानकारी ली तथा मौके पर अपनी आंखों की जांच भी कराई। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों से मोतियाबिंद के मरीजों के ऑपरेशन की प्रक्रिया एवं संख्या के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने आयुष्मान केंद्र, मेडिसिन ओपीडी, मनोरोग वार्ड, स्किन वार्ड, शिशु वार्ड, ईएनटी वार्ड, कार्डियोलॉजी वार्ड तथा डे-केयर कक्ष का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, सिविल सर्जन, मेडिकल सुपरिटेंडेंट व अन्य चिकित्सक मौजूद थे।
विद्युत आपूर्ति झारखंड हज़ारीबाग स्वास्थ्य व्यवस्था पार्किंग व्यवस्था अस्पताल प्रबंधन उपायुक्त हेमंत सती शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल अस्पताल निरीक्षण एम्बुलेंस सुविधा जन औषधि केंद्र दवा काउंटर कोल्ड चेन आयुष्मान केंद्र मेडिसिन ओपीडी नेत्र विभाग मोतियाबिंद ऑपरेशन मनोरोग वार्ड शिशु वार्ड ईएनटी वार्ड कार्डियोलॉजी वार्ड डे-केयर कक्ष आदित्य पांडेय सिविल सर्जन


Comments