सिद्धार्थनगर में आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत, दो घायल

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

सिद्धार्थनगर। जिले में सोमवार को  अचानक तेज आई आंधी-पानी के दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने से खेसरहा व मिश्रौलिया  क्षेत्र में एक-एक लोगों की मौत हो गई। वहीं जोगिया कोतवाली क्षेत्र में भी एक की मौत हुई है। जबकि अलग - अलग स्थानों पर दो लोग घायल हुए हैं ।  आकाशीय बिजली गिरने से मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खेसरहा थाना क्षेत्र के केसवार गांव निवासी चंद्रिका (50) पुत्र सुंदर की सोमवार दोपहर अपने खेत में गए थे। मौसम खराब होने के कारण घर आ गए।
 
घर के बाहर नाली जाम थी पानी नहीं बह रहा था। उसी को वो साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी। चंद्रिका उसकी चपेट में आ गए। वहीं परिजन उन्हें सीएचसी खेसरहा ले गए जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के चांदेगडिया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बेचन (42) पुत्र स्व. रामदास की मौत हो गई। बेचन चांदेगडिया गांव के बाहर सड़क पर एक व्यक्ति के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से पैदल ही  निकला थे। अभी वह गांव से कुछ ही दूर स्थित पुलिया के पास पहुंचा ही था कि आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिवार कोहराम मच गया। 
 
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के सूपा चौराहे पर गैस एजेंसी के पास एक दर्दनाक हादसे में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सूपा बक्शी निवासी जितेन्द्र (32 )पुत्र सतीराम पैदल अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज हवा के चलते सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ अचानक उन पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पेड़ हटाकर उन्हें बाहर निकाला और सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।  उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।वहीं, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की उदयपुर शाखा के नीचे मोबाइल की दुकान में बैठे एक युवक के पैर पर ईंट गिरने से वह घायल हो गया। घायल राहुल, जो डुमरियागंज क्षेत्र का निवासी है, किसी कार्य से मुख्यालय आया था और आंधी-पानी से बचने के लिए दुकान में रुका हुआ था।
 
थाना त्रिलोकपुर क्षेत्र के ग्राम बघमरवा में सोमवार को अचानक आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी कन्हैया गुप्ता (19 वर्ष) पुत्र अशोक कुमार गुप्ता, के ऊपर विशालकाय आम का पेड़ गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान गांव के पास स्थित एक पुराना विशाल आम का पेड़ तेज हवा के दबाव को सहन नहीं कर सका और भरभराकर गिर पड़ा। उसी समय वहां मौजूद कन्हैया गुप्ता उसकी चपेट में आ गया।
 
पेड़ गिरते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और काफी मशक्कत के बाद युवक को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया। हादसे में कन्हैया को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। तत्काल परिजन और ग्रामीण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर के लिए रेफर कर दिया।

About The Author

Post Comments

Comments

नवीनतम समाचार