नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
बैरिया में प्रेम प्रसंग बना खूनी बवाल: युवती के घर पहुंचे युवक को परिजनों ने बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर
बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की पिटाई। गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर, तीन नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
बैरिया (बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार भोर प्रेम प्रसंग को लेकर बड़ा बवाल हो गया। दुर्जनपुर निवासी युवक अमित कुमार साहनी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था, जहां परिजनों और पड़ोसियों ने उसे पकड़कर लाठी-डंडों और रॉड से बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार अमित कुमार साहनी का गांव की एक युवती से लंबे समय से मेल-मिलाप था। रविवार की भोर वह युवती से मिलने उसके घर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि युवक के प्रेमिका के कमरे में होने की भनक लगते ही परिवार के एक सदस्य ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद परिजनों ने युवक को बाहर निकालकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
मारपीट में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर बैरिया पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल की मां मंझरिया देवी पत्नी अजय साहनी निवासी दुर्जनपुर, थाना रेवती की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments