जेई को मारने वाली महिला पर मुकदमा दर्ज हुआ
बलरामपुर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें विकासखंड हरैया सतघरवा के पंचायत भवन चौधरीडीह का दृश्य दिखाया जा रहा है। वीडियो में अवर अभियंता श्री अजीत सिंह के साथ मारपीट की घटना दर्शाई गई है। इस संबंध में जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराई गई।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि रामरंग उर्फ मिश्रीलाल, जो विकासखंड हरैया सतघरवा अंतर्गत महमूदनगर फीडर में लाइनमैन के रूप में कार्यरत था, द्वारा विभागीय कार्यों में लगातार लापरवाही बरती जा रही थी। वह अक्सर बिना सूचना अनुपस्थित रहता था तथा ओटीएस योजना के अंतर्गत अपेक्षित कार्य भी नहीं कर रहा था, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे थे।
उक्त लापरवाही के दृष्टिगत मुख्य अभियंता द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रामरंग उर्फ मिश्रीलाल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।पंचायत भवन चौधरीडीह में सरकारी कार्य कर रहे अवर अभियंता अजीत सिंह के साथ मारपीट किए जाने के मामले में अभियुक्त सुमन पत्नी रामरंग उर्फ मिश्रीलाल के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों में बाधा डालना या किसी भी अधिकारी/कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Comments