नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
यूजीसी के समर्थन में बहुजन एकता मंच का जोरदार प्रदर्शन
हजारों की संख्या में लोगों ने सौंपा ज्ञापन
बस्ती। बस्ती जिले मेंबहुजन एकता मंच के बैनर तले यूजीसी के समर्थन में व्यापक प्रदर्शन आयोजित किया गया। ओबीसी, एससी और एसटी समाज के लोगों ने एकजुट होकर अपनी मजबूती का परिचय दिया और शिक्षा में समानता तथा भेदभाव समाप्त करने की मांग को लेकर जोरदार तरीके से आवाज उठाई। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय और बराबरी के अधिकार को लेकर नारे गूंजते रहे।
प्रदर्शन की शुरुआत जीआईसी ग्राउंड से हुई, जहां से हाथों में संविधान की प्रतियां लेकर जनसैलाब जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच करता दिखाई दिया। हजारों की संख्या में शामिल लोगों ने यूजीसी एक्ट को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर सुनिश्चित करना और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करना समय की मांग है।
जिलाधिकारी बस्ती के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें स्पष्ट रूप से यूजीसी एक्ट को पूरी तरह लागू करने और पिछड़े, दलित व वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि समान शिक्षा व्यवस्था ही समाज को सशक्त और संगठित बना सकती है।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमलेश सचान, चौधरी बृजेश पटेल, बुद्ध प्रकाश, संदीप निषाद और सर्वेश चौधरी सहित मंच के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। चौधरी बृजेश पटेल ने कहा कि समान अधिकार और समान अवसर से ही समाज मजबूत होगा और सामाजिक संतुलन कायम रहेगा।पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजकों ने सरकार से मांग की कि इस मुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि सामाजिक न्याय की भावना को वास्तविक रूप दिया जा सके।

Comments