नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
अम्बेडकर नगर में तिलक समारोह से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला
कार में जबरन बैठाने की कोशिश
अम्बेडकर नगर/महरुआ। जिले के महरुआ थाना क्षेत्र में तिलक समारोह से लौट रहे एक युवक पर कथित रूप से घात लगाकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से पिटाई करने के साथ ही उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर वहां से निकल सका।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम माधवपुर (थाना व तहसील जयसिंहपुर) निवासी विशाल तिवारी पुत्र जगदम्बा प्रसाद तिवारी 19 फरवरी 2026 को अपने मित्रों शिवराज शर्मा, सदानन्द दूबे, अभिनव तिवारी और ओम सिंह के साथ ग्राम हीड़ी पकड़िया, थाना महरुआ, जिला अम्बेडकर नगर में सौरभ पाण्डेय के तिलक समारोह में शामिल होने गया था।
शाम लगभग 4 बजे कार्यक्रम से लौटते समय वह आगनवाड़ी केन्द्र के पास दोस्तों से बातचीत कर रहा था। आरोप है कि तभी पहले से घात लगाए एक सफेद रंग की कार से शुभम तिवारी उर्फ रजत तिवारी (पुत्र शीतला प्रसाद तिवारी), शशिकान्त तिवारी उर्फ धीरज तिवारी (दोनों निवासी ग्राम हालापुर, थाना व तहसील जयसिंहपुर, जिला सुल्तानपुर) तथा एक अज्ञात व्यक्ति आ धमके।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, पीठ और पैरों पर चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर उसे घसीटते हुए जबरन कार में बैठाने का प्रयास कर रहे थे और वाहन में धकेलते समय भी प्रहार करते रहे। शोर-शराबा होने पर और प्रतिरोध के चलते पीड़ित किसी तरह हमलावरों के चंगुल से छूटकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना महरुआ में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर मुक़दमा पंजीकृत कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments