संबंधित खबरें
नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
बबुईया हरपुर अग्निकांड : रिनु की शादी का सामान जलकर राख, मजदूर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कुशीनगर । जनपद के विशुनपुरा विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बबुईया हरपुर के भीमनगर मोहल्ले में बीती रविवार की रात भीषण अग्निकांड में एक गरीब मजदूर परिवार की वर्षों की मेहनत जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि सुखारी के घर से लगी आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आकर रामबहाल मजदूर का घर भी आ गया।
आग की इस भयावह घटना में सोने-चांदी के जेवर, शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, बर्तन, चौकी, बेड, साइकिल, बाइक, पशुओं की चारा मशीन सहित घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार उनकी बेटी रिनु की शादी आगामी 19 मई 2026 को तय है, जिसके लिए वह मजदूरी कर-करके एक-एक पैसा जोड़कर सामान जुटा रहे थे, ताकि समय पर बेटी का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो सके।
लेकिन इस अग्निकांड ने परिवार के सारे अरमानों पर पानी फेर दिया। अब गरीब मजदूर रामबहाल और उनकी पत्नी गहरे सदमे में हैं और बेटी की शादी की चिंता उन्हें सता रही है। उनका कहना है कि अब वे पूरी तरह असहाय हो चुके हैं और नहीं जानते कि किस तरह बेटी के हाथों में मेहंदी रच पाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि इस गरीब परिवार की बेटी का विवाह तय तिथि पर संपन्न हो सके।

Comments