कुशीनगर: सोहरौना में श्री शिव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत भव्य कलश यात्रा, श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

कुशीनगर। पडरौना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सोहरौना स्थित श्री माताजी मंदिर पर आयोजित श्री श्री 1008 श्री शिव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में क्षेत्र के सम्मानित हिंदू जनमानस ने श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मनीष ‘बुलबुल’ जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कलश यात्रा श्री माताजी मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ प्रारंभ होकर खिड़कियां बासी होते हुए पुनः मंदिर परिसर में आकर विधिवत रूप से सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। भगवान भोलेनाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण से सम्पूर्ण क्षेत्र शिवमय हो गया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा का स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करते हैं। भगवान शिव की आराधना हमें सत्य, करुणा, सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। यह आयोजन क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण के लिए मंगलकारी है। भगवान भोलेनाथ से समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।

कार्यक्रम में भाजपा नेता पप्पू पाण्डेय, आयोजक बाबू राम दास, भाजपा मंडल मंत्री विशुनपुरा छेदी शर्मा, मनोज गौड़, राम नारायण कुशवाहा, दुखी कुशवाहा, पुजारी रामाशीष कुशवाहा, सुभावती देवी, गुड़िया देवी, बिंदु देवी, विमला देवी, उर्मिला देवी, कमलावती देवी, आलोक विश्वकर्मा, अमित तिवारी, धर्मेंद्र मद्धेशिया, अनिल पाण्डेय, संजय सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों के कल्याण Read More पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों के कल्याण

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें