सीडीओ ने विकास भवन के कार्यालयों का किया निरीक्षण
अभिलेख व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिये निर्देश
प्रतापगढ़। मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा द्वारा विकास भवन स्थित विभिन्न महत्वपूर्ण विभागीय कार्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी सन्तोष कुमार सिंह तथा परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण दयाराम यादव भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय, आईसीडीएस, जिला विकास कार्यालय, लघु सिंचाई कार्यालय, समाज कल्याण कार्यालय एवं समाज कल्याण कार्यालय (विकास) का गहन परीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यालयों में उपस्थिति पंजिका, गार्ड फाइल, सेवा पुस्तिकाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण शासकीय अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया।
सेवा पुस्तिकाओं में पाई गई कमियों को अधिकारियों एवं पटल सहायकों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश प्रदान किए गए। सभी कार्यालयों को निर्देशित किया गया कि आलमारियों में रखी गई पत्रावलियों का पूर्ण विवरण ए-4 आकार के कागज पर अंकित कर संबंधित आलमारी के बाहर चस्पा किया जाए जिससे अभिलेखों की उपलब्धता एवं खोज प्रक्रिया सुगम हो सके।
गार्ड फाइल को अद्यतन रखने, सभी शासनादेशों को क्रमवार चस्पा करने तथा बाईं ओर स्पष्ट इंडेक्सिंग एवं वर्षवार टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुराने अभिलेखों का नियमानुसार परीक्षण कर उनकी निस्तारण की कार्यवाही समयबद्ध ढंग से कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए गए। कार्यालयों में कार्यरत पटल सहायकों को अपने नाम एवं पदनाम की स्पष्ट नाम पट्टिका अपने पटल पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे आमजन को सुविधा हो तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़े। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों को उत्तरदायित्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन हेतु प्रेरित किया गया।

Comments