कार की ठोकर से घायल साइकिल सवार की इलाज के दौरान मौत
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़-ढेबरूआ 730 हाइवे मार्ग पर रविवार को खैरहनियां के पास तेज गति से जा रहे कार चालक ने साइकिल सवार को ठोकर मार दी जिससे साइकिल सवार गम्भीर रूप से घायल हो गया। जहां माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।मृतक किशुनदेव पुत्र बृजमोहन 42 वर्ष शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र ग्राम गनेशपुर का निवासी बताया जाता है।
किशुनदेव साइकिल से ढेबरूआ की तरफ जा रहा था कि हाइवे मार्ग पर ग्राम खैरहनियां के पास सामने से तेजगति से आ रहे कार चालक ने ठोकर मार दी जिससे वह गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गया और कार चालक तेजगति से भागने लगा इसी दौरान सड़क के किनारे जाकर कार पलट गई।कार में सवार लोग निकलकर भाग गये।ढेबरूआ पुलिस ने एम्बुलेंस से घायल को शोहरतगढ़ सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सक ने हालत गम्भीर देख माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कालेज भेज दिया।उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।कार एसएसबी के जवान रंजीत चौहान की है,जो महराजगंज जिले के फरेन्दा थानाक्षेत्र के हरपुर के रहने वाले हैं और उत्तराखंड के काठगोदाम में तैनात हैं।वह अपने परिवार में 19 फरवरी को शादी में शामिल होने पत्नी व दो बेटों के साथ घर जा रहे थे।
थाना प्रभारी नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि खैरहनियां के पास कार चालक ने साइकिल सवार को ठोकर मार दी।घायल को सीएचसी शोहरतगढ़ ले जाया गया जहां हालत गम्भीर देख उसे एम्बुलेंस से मेडिकल कालेज सिद्धार्थनगर भेज दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।कार को गढ्ढे से निकलवाकर कर थाना पर लाया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments