सरकारी डॉक्टरों से दुर्व्यवहार व हाथापाई के मामले में मुकदमा दर्ज
गोपीगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज के ओपीडी कक्ष में शुक्रवार को सरकारी चिकित्सकों के साथ गाली-गलौज व हाथापाई का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने दो आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भवानीपुर डेरवा निवासी शिवाश पाण्डेय पुत्र हेमंत पाण्डेय एवं अरविंद पाण्डेय पुत्र जयप्रकाश पाण्डेय द्वारा बिना किसी उचित कारण के डॉ. मोहम्मद असलम अंसारी एवं डॉ. अमित सिंह से अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई की गई। घटना के दौरान ओपीडी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिससे राजकीय कार्य बाधित हुआ और मरीजों के उपचार में भी व्यवधान पड़ा।
घटना को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सकों ने थाना गोपीगंज में तहरीर देकर मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Comments