नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भानेपुर तिवारीपुर में श्रीमद्भागवत कथा पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग से उमड़ा भक्ति रस
प्रतापगढ़। भानेपुर तिवारीपुर क्षेत्र में इन दिनों श्रीमद्भागवत कथा का भव्य, दिव्य एवं भक्तिमय आयोजन श्रद्धा और आस्था के वातावरण में संपन्न हो रहा है। इस पावन आयोजन का संयोजन गाना मिश्र परिवार द्वारा किया गया है, जबकि कार्यक्रम के प्रमुख संयोजक मनीष मिश्रा एवं राम जग मिश्रा हैं। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म, भक्ति और संस्कारों की अमृतधारा में स्नान कर रहे हैं।
कथा के रविवार को आयोजित तीसरे दिन महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कथा व्यास डॉ. गिरीशचन्द्र तिवारी गुरु महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का अत्यंत भावपूर्ण और रसपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार धर्म की रक्षा और अधर्म के नाश के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लिया। कारागार में देवकी-वसुदेव के यहां जन्म, योगमाया की लीला, नंदगोकुल में आनंद और समूचे ब्रज में उमंग के दृश्य का ऐसा सजीव चित्रण किया गया कि श्रोता भावविभोर हो उठे।
कथा व्यास ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व त्याग, तप और संयम का प्रतीक है, वहीं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव प्रेम, करुणा और लोककल्याण का संदेश देता है। शिव और कृष्ण दोनों ही जीवन को धर्ममय बनाने की प्रेरणा देते हैं। अहंकार, अधर्म और अन्याय से दूर रहकर भक्ति और सत्कर्म के मार्ग पर चलना ही मानव जीवन का उद्देश्य है। कथा के दौरान पूरा पंडाल “हर-हर महादेव” और “जय श्रीकृष्ण” के गगनभेदी जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं की आंखें भक्ति रस से छलक उठीं और वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पप्पू यादव, सुरेश जायसवाल जी, बिंदू पाठक, प्रिंस बरनवाल, हरिकेश सिंह, विनोद सिंह, श्याम शंकर मिश्रा, नगर अध्यक्ष पट्टी अशोक जायसवाल, रमेश सोनी, प्रमोद सिंह (सरसतपुर), मोहित सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Comments