दंगल में दिखा पहलवानों का दम, चौरी चौरा के गोविंद पहलवान ने लखनऊ के  मानसिंह पहलवान को दिखाया आसमान

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

सिद्धार्थनगर, भनवापुर क्षेत्र के सोहना चौराहे पर आयोजित तीन दिवसीय विराट कुश्ती दंगल के दूसरे दिन शुक्रवार को देश-विदेश से आए पुरुष एवं महिला पहलवानों ने अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रोमांचक मुकाबलों के बीच कई पहलवानों ने अपने प्रतिद्वंदियों को पटखनी देकर जीत दर्ज की।
 
सोहना बाजार में आयोजित क्रांतिकारी हिंदू-मुस्लिम एकता विराट कुश्ती दंगल में पुरुष वर्ग के मुकाबले काफी रोचक रहे। जम्मू-कश्मीर के भूरा पहलवान ने राजस्थान के राजू पहलवान को शानदार दांव-पेंच के साथ पराजित किया। वहीं नेपाल के लकी थापा ने हरियाणा के सोनू को मात दी। सहारनपुर के शाहिल ने कानपुर के मनीष को चित कर जीत हासिल की। चौरीचौरा के गोविन्द ने लखनऊ के मानसिंह को हराया।
 
अयोध्या के बाबा गौरी शंकर ने पंजाब के विक्की पहलवान को रोमांचक मुकाबले में पराजित कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।महिला वर्ग के मुकाबले भी बेहद आकर्षक रहे। गोण्डा की शिवांगी पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इलाहाबाद की रोशनी तथा दिल्ली की लाडो को पटखनी देकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके शानदार खेल की दर्शकों ने जमकर सराहना की।
 
दंगल के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय दर्शक मौजूद रहे और पहलवानों का उत्साहवर्धन करते रहे। इस अवसर पर आयोजक मनीष सिंह क्रांतिकारी, नसीम राइनी, कान्हा सिंह, कालू सहित दंगल समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें