राजनीति
भारत
पाकुड़ नगरपालिका आम निर्वाचन 2026: अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित, तैयारियाँ तेज
पाकुड़, झारखंड:- पाकुड़ नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ अब अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। इसी संबंध में समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। उपायुक्त ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम, नामांकन प्रक्रिया और अब तक की तैयारियों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की।
■ अध्यक्ष पद के 10 और वार्ड सदस्य पद के 89 उम्मीदवार मैदान में
जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि नामांकन, नामांकन पत्रों की समीक्षा और नाम वापसी की सभी प्रक्रियाएँ पूरी हो चुकी हैं। अंतिम सूची के अनुसार अध्यक्ष पद हेतु कुल 10 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 89 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। सभी अभ्यर्थियों को नियमानुसार चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को मतदान केंद्रों की सूची, पहचान पत्र, अंतिम सूची, व्यय लेखा संधारण हेतु रेड चार्ट, आदर्श आचार संहिता की पुस्तिका एवं निर्वाचन अभिकर्ता नियुक्ति से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं। साथ ही व्यय लेखा जांच की तिथियों की जानकारी भी प्रदान कर दी गई है।
■ स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हेतु व्यापक तैयारियाँ
उपायुक्त ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन सतर्क है। इसके लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 4 फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST), 4 स्टैटिक सर्विलांस टीम (SST), 2 बीएसटी, 2 वीवीटी और 5 लेखा टीम लगातार निगरानी में जुटी हैं। इसके अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष (Control Room) भी स्थापित किया जा चुका है, जहाँ से चुनावी गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। जांच अभियान के दौरान एसएसटी टीम ने अब तक 3 लाख 50 हजार रुपये जब्त किए हैं। उपायुक्त ने बताया कि इसकी सूचना आयकर विभाग को भेज दी गई है। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए सामान्य प्रेक्षक (General Observer) और व्यय प्रेक्षक (Expenditure Observer) की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है। अभ्यर्थियों को प्रेक्षकों से मिलने का निर्धारित समय उपलब्ध करा दिया गया है।
मतदान केंद्रों का चिन्हांकन पूरा, प्रशिक्षण संपन्न मतदान संबंधी तैयारियों पर जानकारी देते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों का चिन्हांकन कर लिया गया है। मतदान कर्मियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। मतगणना के लिए बाजार समिति परिसर में स्ट्रांग रूम निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इस बार सभी मतदान केंद्रों को तंबाकू निषेध क्षेत्र घोषित किया गया है।
■ शांतिपूर्ण मतदान की अपील
उपायुक्त ने सभी अभ्यर्थियों, राजनीतिक दलों और मतदाताओं से लोकतांत्रिक वातावरण बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में प्रशासन को सहयोग करने की अपील की।प्रेस वार्ता के दौरान निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), मीडिया कोषांग के पदाधिकारी एवं प्रिंट–इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।


Comments