गोरखपुर में अपराधियों का दुस्साहस, युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या

नए पुलिस कप्तान की तैनाती के बीच कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

गोरखपुर। जिले में नए पुलिस कप्तान की तैनाती के बीच अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गीडा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पवनपुर हाईवे के समीप गांव के सिवान में एक युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर शव फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
 
कई घंटे की मशक्कत के बाद मृतक की पहचान अभिषेक सिंह पुत्र विजय सिंह, निवासी नौसढ़ के रूप में हुई। शव पर कई स्थानों पर चाकू के गहरे घाव के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि हत्या बेहद नृशंस तरीके से की गई। घटनास्थल की स्थिति देखकर पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सिवान में लाकर फेंका गया।
 
सोमवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने जब सिवान में खून से लथपथ शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गीडा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थोड़ी ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में भय और आक्रोश साफ नजर आया।
 
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और आपराधिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना देकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है।
 
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे और उसके आसपास के इलाकों में आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। खासकर नौसढ़ चौकी क्षेत्र में रात्रि गश्त और पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि नियमित गश्त होती तो इतनी बड़ी वारदात को रोका जा सकता था।
 
नए पुलिस कप्तान के कार्यभार संभालने के तुरंत बाद हुई इस जघन्य हत्या को अपराधियों की खुली चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस निर्मम हत्या ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें