बलिया में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल

पांच दिवसीय कार्य सप्ताह और लेबर कोड के विरोध में प्रदर्शन

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया। जनपद में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से आम लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर जिले के बैंक कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर कामकाज ठप रखा और विरोध प्रदर्शन किया।
 
हड़ताल की सबसे बड़ी वजह बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग है। बैंक कर्मचारियों ने बताया की कर्मचारी लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि अन्य सरकारी विभागों की तरह बैंकों में भी सप्ताह में केवल पांच दिन ही कार्य हो तथा सभी शनिवार को अवकाश घोषित किया जाए। वर्तमान में बैंक केवल दूसरे और चौथे शनिवार को ही बंद रहते हैं। यूनियनों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में सहमति बन चुकी है,
लेकिन अब तक सरकार की ओर से औपचारिक मंजूरी नहीं दी गई है।
 
इसके अलावा बैंक कर्मचारी केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार नए लेबर कोड का भी विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि नए श्रम कानून कर्मचारियों के हित में नहीं हैं और इससे नौकरी की सुरक्षा तथा श्रमिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। यूनियन नेताओं का आरोप है कि इन नियमों से भविष्य में कार्य परिस्थितियों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
 
हड़ताल के कारण जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं में ताले लटके रहे, जिससे नकद लेन-देन, चेक क्लियरेंस और अन्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।
यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं ग्राहकों ने सरकार और बैंक प्रबंधन से जल्द समाधान निकालने की अपील की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें