डीएम एवं एसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी शिकायतें, 15 शिकायतों का हुआ निस्तारण

शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से करें, किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए-डीएम

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रतापगढ़। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 110 फरियादी अपनी समस्याओं के निस्तारण हेतु उपस्थित हुये जिनमें से राजस्व विभाग की 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल प्राप्त 110 शिकायतों में से 49 शिकायतें राजस्व विभाग से, पुलिस विभाग से 25, विकास विभाग से 7, विद्युत विभाग 03 एवं 26 अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायते प्राप्त हुई। पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा सुना गया।
 
सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतकर्ता शिवकुमार निवासी लोहंगपट्टी ने शिकायत किया कि प्रार्थी के गाटा में ग्राम प्रधान द्वारा जेसीबी लगाकर प्रार्थी के खेत की मिट्टी बिना अनुमति से निकालकर प्रार्थी के खेत को गड्ढा बना दिया है, मिट्टी को बराबर भी नहीं किया गया है। पीड़ित के विरोध करने पर तरह तरह की धमकियां देते हैं।इस प्रकरण पर डीएम ने खण्ड विकास अधिकारी सण्ड़वा चन्द्रिका को निर्देशित किया कि जांच कर शिकायत का समाधान करायें।
 
शिकायतकर्ता संजय कुमार पटेल ने शिकायत किया कि प्रार्थी के नाम घरेलू विद्युत कनेक्शन है, अपने बिल का भुगतान बराबर जमा करता रहा है परन्तु विद्युत विभाग की टीम घर पर आयी उस समय वह घर पर कोई नहीं था जिससे रसीद नहीं दिखा पाये। इसी कारण प्रार्थी के पिता राम सजीवन पटेल के नाम 88272 रूपये का जुर्माना अवैध रूप से कर दिया गया है जिसे समाप्त किया जाना आवश्यक है। प्रार्थी इस सम्बन्ध में  शुक्रवार को अधिशासी अभियन्ता रानीगंज को विवरण दे चुका है।इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता रानीगंज को निर्देशित किया कि परीक्षण कराकर शिकायत का समाधान करायें।
 
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से शिकायतों का निपटारा करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की अनदेखी या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होने निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में जो भूमि संबंधी मामले हैं उसमें राजस्व तथा पुलिस की संयुक्त टीम गठित करके मौके पर भेजकर निस्तारण कराएं।
 
इस अवसर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने समस्त थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि पुलिस विभाग से सम्बन्धित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को विनम्रता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर नैन्सी सिंह, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें