संतान न होने के ताने ने ली मासूम की जान

चाचा-चाची ने 9 साल के भतीजे को ईंट से कूचकर मार डाला, 6 दिन बाद सरयू से मिली लाश

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया। संतान न होने के ताने से उपजे पारिवारिक विवाद ने बलिया में एक मासूम की जान ले ली। जिले के सहतवार थाना क्षेत्र के सिंगही गांव में चाचा और चाची ने मिलकर अपने ही 9 वर्षीय भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि बच्चे की मां द्वारा संतान न होने का ताना दिए जाने से आहत चाची ने पति से कहा—“अगर वह हमें ताना देती है, तो उसके बेटे को भी मार डालो।” इसी मानसिकता के तहत हत्या की साजिश रची गई।
 
घटना 25 जनवरी की है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त गणेश और उसकी पत्नी अमृता ने 23 जनवरी को ही हत्या की योजना बना ली थी। कई प्रयासों के बाद 25 जनवरी को उन्हें मौका मिला, जब मृतक अभिषेक स्कूल से घर लौटा। योजना के तहत गणेश ने पड़ोस के एक बच्चे को पतंग और टॉफी का लालच देकर अभिषेक को घर से बाहर बुलवाया।
 
दोनों बच्चों को पतंग-टॉफी दिलाने के बहाने गणेश सरयू नदी की ओर ले गया। नदी से करीब 200 मीटर पहले उसने दूसरे बच्चे को वहीं रुकने को कहा और अभिषेक को अकेले नदी किनारे ले गया। वहां ईंट से सिर पर तीन-चार वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को सरयू नदी में फेंक दिया।
 
हत्या के बाद गणेश ने खुद को बेगुनाह दिखाने के लिए शातिराना नाटक किया। बच्चे के लापता होने पर वह भी खोजबीन में शामिल रहा और शाम को सहतवार थाने पहुंचकर अपहरण की तहरीर तक दे दी।
इधर, परिजन लगातार अभिषेक की तलाश करते रहे। छह दिन बाद 31 जनवरी की शाम सरयू नदी में शव उतराने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, जिसकी पहचान चंदन प्रजापति के पुत्र अभिषेक के रूप में हुई।
 
शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों ने थाने का घेराव कर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि समय रहते गंभीरता से तलाश होती तो बच्चे की जान बच सकती थी। गांव में घटना को लेकर मातम और गुस्से का माहौल है।
 
मृतक के पिता चंदन प्रजापति ने बताया कि अभिषेक उनका इकलौता बेटा था, जबकि तीन बेटियां हैं। बेटे की हत्या की सच्चाई सामने आने के बाद परिवार पूरी तरह टूट चुका है।
 
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चाचा गणेश और उसकी पत्नी अमृता को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि हत्या से जुड़े सभी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments