राजनीति
भारत
बाबा घुइसरनाथ धाम में भव्यता से मनेगा 31वां राष्ट्रीय एकता महोत्सव-जिलाधिकारी
प्रतापगढ़। पौराणिक स्थली बाबा घुइसरनाथ धाम में आगामी 14, 15 एवं 16 फरवरी को होने वाले परम्परागत 31वें राष्ट्रीय एकता महोत्सव को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा हुई। डीएम कैम्प कार्यालय स्थित सभागार में हुई अफसरों की बैठक में डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को समय से तैयारियों को पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये। बैठक में शामिल हुए सांसद एवं बाबा घुइसरनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रमोद तिवारी ने महोत्सव आयोजन समिति की ओर से महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
वहीं एसपी दीपक भूकर ने सुरक्षा प्रबन्धों को पुख्ता बनाए रखने का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने मुख्य मंदिर परिसर से लेकर पूरे धाम क्षेत्र में साफ सफाई की अनवरत व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होने श्रद्धालुओं के दर्शन पूजन व जलाभिषेक को लेकर भी लालगंज एसडीएम व सीओ को सुव्यवस्थित प्रबन्ध सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने महोत्सव को लेकर अनवरत विद्युत आपूर्ति पेयजल तथा अन्य सुविधाओं को लेकर अफसरों को आवश्यक निर्देश भी दिये। उन्होने धाम में शासन की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर विकास प्रदर्शनी को भी आकर्षक बनाए जाने के निर्देश दिये। एसपी दीपक भूकर ने महोत्सव के दौरान बाबा धाम में कड़ी निगरानी के साथ बैरीकेटिंग तथा सई नदी में नाव व गोताखोर आदि प्रबन्धों के बाबत मातहत पुलिस अफसरों को निर्देशित किया।
एसपी ने बाबा धाम में सीसी कैमरे से भी निगरानी बनाए रखने को कहा। बैठक में शामिल हुए महोत्सव आयोजन समिति के संयोजक एवं सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रशासनिक प्रबन्धों को लेकर आवश्यक सुझाव दिये।बैठक में अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति, एसडीएम सदर नैन्सी सिंह, एसडीएम लालगंज शैलेन्द्र वर्मा, सीओ लालगंज आशुतोष मिश्र, ईओ इन्द्र प्रताप, प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, आशीष उपाध्याय, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, लालगंज चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, प्रधानाचार्य डॉ0 अमिताभ शुक्ल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments