बुंदेलखंड बुल्स को मिला दिग्गजों का समर्थन

हरभजन सिंह ने दी शुभकामनाएं

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

ब्यूरो रीवा मप्र। बुंदेलखंड की क्रिकेट टीम बुंदेलखंड बुल्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ियों का समर्थन मिलना क्षेत्रीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। युवा आइकॉन आकाश सिंह राजपूत के आग्रह पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एवं देश के प्रसिद्ध स्पिन बॉलर हरभजन सिंह ने बुंदेलखंड बुल्स के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।
 
अपने संदेश में हरभजन सिंह ने मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष युवराज महान आर्यमन सिंधिया की दूरदर्शी सोच और क्रिकेट के विकास के लिए उनके निरंतर योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से प्रदेश के साथ-साथ देश को भी नई क्रिकेट प्रतिभाएं मिलेंगी।
 
हरभजन सिंह ने आकाश सिंह राजपूत की सोच, संघर्ष और प्रयासों की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि युवाओं को अवसर देने और बड़े स्तर के आयोजनों के माध्यम से खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने का उनका प्रयास प्रेरणादायक है। उन्होंने बुंदेलखंड बुल्स के खिलाड़ियों से आपसी मित्रता, टीम भावना और सकारात्मक खेल भावना को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।
 
गौरतलब है कि आकाश सिंह राजपूत का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में दर्ज है। उन्होंने पिछले वर्ष दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित कर यह उपलब्धि हासिल की थी, जिसकी सराहना स्वयं हरभजन सिंह ने भी की थी। इसके अलावा आकाश सिंह राजपूत बॉलीवुड के चर्चित कलाकार हैं और आश्रम, मिर्जापुर, पोरस जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अभिनय कर लोगों के दिलों को जीत चुके हैं।
 
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में 10 लाख पौधारोपण कर वे ‘भारत के ग्रीन मैन’ की उपाधि भी प्राप्त कर चुके हैं। वर्तमान में आकाश सिंह राजपूत एक बार फिर क्रिकेट महाकुंभ का आयोजन कर रहे हैं, वहीं बुंदेलखंड बुल्स की टीम मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में भी हिस्सा ले रही है।
 
इस पहल की सराहना करते हुए हरभजन सिंह ने बुंदेलखंड बुल्स सहित एमपी प्रीमियर लीग की सभी टीमों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।हरभजन सिंह का यह संदेश न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाला है, बल्कि बुंदेलखंड क्षेत्र में क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें