नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
सड़क हादसे में सेवानिवृत्त एसआई की मौत, परिवार में मचा कोहराम
ज्ञानपुर। ऊंज थाना क्षेत्र के कलीपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त उप निरीक्षक कृपा शंकर सिंह (63 वर्ष) की शनिवार देर शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, वह अपने पुत्र मनीष सिंह को वहीदा मोड़ पर बस में बैठाने गए थे। लौटते समय लगभग 7 बजे सुरियावा–कलिजरा मार्ग पर बनकट खास ग्राम सभा स्थित पिछवारिया गांव के पास उनकी बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर घायल एसआई पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत परिजनों को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी। परिजन उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर ले जा रहे थे, तभी राजा तालाब के पास उनकी मौत हो गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। पत्नी मीरा देवी पति की मौत की खबर सुनते ही बेहोश होकर गिर पड़ीं और रो-रोकर उनका हाल बेहाल है।

Comments