नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
“मिसाइल अलार्म की आवाज सोने नहीं देती थी”, मिडिल ईस्ट से लौटे भारतीयों ने सुनाई आपबीती
युद्ध जैसे हालात की दहशत भी साफ झलक रही थी
नई दिल्ली- मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच फंसे भारतीयों की वतन वापसी शुरू हो गई है। Etihad Airways के बाद अब Emirates और Oman Air ने भी नई दिल्ली के लिए उड़ान सेवाएं बहाल कर दी हैं।इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सोमवार रात और मंगलवार को दुबई व मस्कट से कई उड़ानें पहुंचीं। इनसे लौटे यात्रियों के चेहरों पर अपनों से मिलने की राहत तो दिखी, लेकिन युद्ध जैसे हालात की दहशत भी साफ झलक रही थी।
करीब 800 यात्री पहुंचे दिल्ली
दुबई से एमिरेट्स की उड़ान देर रात उतरी, जबकि मस्कट से ओमान एयर की दो फ्लाइट्स सुबह और दोपहर में पहुंचीं। इन उड़ानों से करीब 800 यात्री दिल्ली लौटे। यात्रियों ने बताया कि दुबई में हालात सामान्य दिखते हैं, लेकिन आसमान में मिसाइल और ड्रोन इंटरसेप्ट होने की घटनाएं भय पैदा करती थीं।
“पहली बार आंखों के सामने युद्ध देखा”
नोएडा निवासी शुभम, जो छुट्टियां मनाने दुबई गए थे, ने बताया कि उन्होंने पहली बार युद्ध जैसे हालात देखे। एयर डिफेंस सिस्टम अधिकांश ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही निष्क्रिय कर देता था, लेकिन मलबा गिरने की आशंका बनी रहती थी। पीयूष नामक एक अन्य यात्री ने कहा कि इंटरसेप्शन के बाद बजने वाले सायरन की आवाज बेहद डरावनी थी। “रात में मिसाइल अलार्म की आवाज सोने नहीं देती थी,” उन्होंने बताया।
महंगा पड़ा वापसी का सफर
मस्कट से लौटे यात्री वरुण ने कहा कि टिकट की मांग बढ़ने से किराया काफी महंगा हो गया था। उन्होंने करीब एक लाख रुपये खर्च कर टिकट लिया। यात्रियों ने सरकार से अपील की कि फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।
भारतीय मिशन सक्रिय
यात्रियों के अनुसार, दुबई में भारतीय समुदाय और स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए। भारतीय दूतावास लगातार संपर्क में रहा और आवश्यक सहायता प्रदान की।तनावपूर्ण हालात के बीच Air India ने भी विशेष उड़ानों के जरिए यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित दिल्ली पहुंचाया।

Comments