नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
मोबाइल दुकान में 20 लाख की चोरी का खुलासा
56 एंड्रॉयड व 21 कीपैड फोन बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार
बस्ती। बस्ती जिले के थाना लालगंज क्षेत्र में मोबाइल की दुकान में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 56 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 21 कीपैड मोबाइल फोन, चोरी की एक टीवीएस राइडर बाइक, पांच साड़ियां और 1150 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप यादव की मौजूदगी में बताया कि 23/24 फरवरी 2026 की रात लालगंज थाना क्षेत्र के पाकड़डांड स्थित एक मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में थाना लालगंज पर मुकदमा संख्या 41/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया था। घटना के खुलासे के लिए थाना लालगंज व स्वाट/सर्विलांस टीम को लगाया गया था। संयुक्त कार्रवाई के दौरान 26 फरवरी को तेजुआ मोड़ के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले दुकान की रेकी की थी और देर रात बाइक से पहुंचकर शटर का ताला तोड़ दिया। दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और डीवीआर भी साथ ले गए, जिसे बाद में नदी में फेंक दिया। चोरी के मोबाइल फोन खेत में छिपा दिए गए थे और उन्हें बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक निगम पुत्र सुबेदार निवासी ग्राम तिन्हारी थाना कलवारी जनपद बस्ती और प्रशांत पाल पुत्र सूर्य प्रकाश पाल निवासी ग्राम तेजुआ थाना लालगंज जनपद बस्ती शामिल हैं। तीसरा आरोपी बाल अपचारी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभिषेक निगम के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि प्रशांत पाल के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक प्रकरण दर्ज रहे हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी और एक अन्य स्थान पर घर का ताला तोड़कर साड़ी व नकदी चोरी की घटना को भी अंजाम दिया था। बरामदगी के आधार पर संबंधित अन्य मुकदमों का भी खुलासा हुआ है, जिनमें थाना कोतवाली व अन्य थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना लालगंज व स्वाट/सर्विलांस सेल के अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments