भीमनगर में अग्निकांड से बचाव को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन, महिलाओं को दी गई जागरूकता

वीरपुर अग्निशमन विभाग की पहल, गैस सिलेंडर आग बुझाने का भी दिया गया प्रदर्शन

Swatantra Prabhat Reporters Picture
Published On

वीरपुर:
 
अग्निकांड जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने और ग्रामीण महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से वीरपुर अग्निशमन विभाग द्वारा भीमनगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस आयोजन में गांव की दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया और आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
 
IMG-20250420-WA0149

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहीं अग्निशमन विभाग की इंस्पेक्टर खुशबू कुमारी ने महिलाओं को बताया कि वर्तमान समय में पछुआ हवा के कारण आग तेजी से फैल सकती है, इसलिए विशेष सतर्कता की आवश्यकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि सुबह 9 बजे तक ही चूल्हा या गैस पर खाना बना लिया जाए और उसके बाद गैस को बंद कर देना चाहिए, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

इस दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में कैसे उसे नियंत्रित किया जाए, इसका प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया गया। इस प्रदर्शन में महिलाओं ने गहरी रुचि दिखाई और अग्निशमन से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका समाधान मौके पर ही किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभाग की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी साझा किया गया और ग्रामीणों से अपील की गई कि आग लगने की किसी भी घटना की तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते नुकसान को रोका जा सके।

मॉक ड्रिल के अंत में अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग की जानकारी दी गई और बताया गया कि छोटे-छोटे सतर्क उपायों से बड़ी घटनाओं से बचा जा सकता है। महिलाओं को घरेलू सुरक्षा उपायों, प्राथमिक सहायता और त्वरित प्रतिक्रिया तकनीकों के बारे में भी जागरूक किया गया।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें