विधानसभा में गूंजा चौपारण का पेयजल संकट, विधायक मनोज यादव ने सरकार से की त्वरित कार्रवाई की मांग
चौपारण, हजारीबाग, झारखंड:-बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने झारखंड विधानसभा में चौपारण प्रखंड के बच्छई पंचायत के डुमरी गांव में वर्षों से लंबित पेयजल आपूर्ति योजना का मामला जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में शुरू हुई वाटर सप्लाई योजना का कार्य अब तक अधूरा पड़ा है, जिससे चौपारण के बच्छई, चौपारण चट्टी, ताजपुर सहित दर्जनों गांव भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।
विधायक ने सदन में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में यह संकट और भी गंभीर हो जाता है, जिससे हजारों ग्रामीणों को पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि इस अधूरी योजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सके।
सरकार ने लिया संज्ञान, जल्द समाधान का आश्वासन
इस मुद्दे के उठने के बाद सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है और जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। सरकार द्वारा उचित कार्रवाई किए जाने की उम्मीद है ताकि वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे गांवों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने विधायक को कहा धन्यवाद
विधानसभा में यह मामला उठाए जाने के बाद, बच्छई पंचायत के मुखिया बिरेन्द्र रजक, समिति सदस्य सहदेव प्रसाद यादव, उपमुखिया संजय साव, चौपारण मुखिया प्रतिनिधि बिंनोद सिंह, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, देवल यादव, पवन सिंह, अशोक केशरी, प्रदीप साव, सन्नी मित्तल, हेमराज साव, पूर्व मुखिया शौकत खान सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने विधायक मनोज यादव का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान जल्द ही होगा।

Comments