धड़ल्ले से हो रहा मिट्टी खनन, अधिकारी मौन। सदरपुर थाना क्षेत्र का मामला

Office Desk Lucknow Picture
Published On

बिसवां (सीतापुर)। जिम्मेदार अधिकारियों के सरपरस्ती में बिना अनुमति धड़ल्ले से मिट्टी का खदान हो रहा है। सदरपुर थाना अन्तर्गत जहांगीराबाद न्याय पंचायत  के बजेहरा, बसुदहा व लालपुर ग्राम पंचायत क्षेत्रों में लगातार खनन जारी है। बुधवार को सुबह बजेहरा और लालपुर गांव के निकट खनन होता मिला। बजेहरा गांव के समीप केवानी नदी के किनारे धड़ल्ले से खनन जारी है।
 
अधिकारियों के नाक के नीचे प्रतिदिन बिना अनुमति रात दिन बालू व मिट्टी का खनन चलता रहता है। दर्जनों ट्रैक्टर ट्रालियों से खनन के बाद मिट्टी धड़ल्ले से ढोई जाती रहती है लेकिन देखने के‌ बाद भी जिम्मेदार अंजान बने हुये हैं। सूत्रों के अनुसार इस सम्बन्ध में बुधवार को तहसीलदार बिसवां को फोन द्वारा शिकायत मिली जिस पर उन्होंने मौके पर कर्मचारी को भेज कर जांच भी करायी। इस क्षेत्र के लिये यह कोई नई बात नहीं है आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार खनन होता रहता है। लोडर मशीन से ट्रैक्टर ट्रालियों पर मिट्टी भराई होती है।
 
जहां खनन होता है वहां काफी दूर तक बड़े बड़े गड्ढे बन गये हैं। लालपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर तो करहा लगाकर ट्रैक्टरों द्वारा खेतों को बराबर भी करवा दिया गया है जो मौके पर असलियत‌ बयां कर रहे हैं। सदरपुर थाना क्षेत्र में बजेहरा गांव से पहले केवानी नदी के किनारे भारी मात्रा में मिट्टी बालू का खदान‌ किया गया है।
 
धंधा करने वाले लोग राजस्व और पुलिस के जिम्मेदारों से मिलकर मिट्टी खनन करते हैं और जरूरतमंद लोगों के हाथों बिक्री कर इसे कमाई का धंधा बनाये हुये हैं। इस सम्बन्ध में तहसीलदार बिसवां उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि जानकारी मिली है मौके पर लेखपाल को भेजा गया है अभी तक वापस नहीं हुआ है मौके नायब तहसीलदार को भेजकर जांच कराऊंगा।

About The Author

Post Comments

Comments