फीचर्ड
राजनीति
श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन सख्त
जगदीशपुर बाजार में अतिक्रमण हटाने का निर्देश
जगदीशपुर(भागलपुर) - श्रावणी मेले के दौरान बाबाधाम जाने वाले डाक बम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसे लेकर गुरुवार को जगदीशपुर प्रखंड प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। अंचलाधिकारी सतीश कुमार एवं थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ जगदीशपुर बाजार का निरीक्षण किया और सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को दो से तीन दिनों के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को बताया कि सड़क की सीमा में दुकानें, ठेले एवं अन्य अस्थायी संरचनाएं लगाने से आवागमन बाधित होता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। साथ ही अभियान में होने वाले खर्च की वसूली संबंधित अतिक्रमणकारियों से की जाएगी।
प्रशासन की टीम ने जगदीशपुर बाजार के अलावा पुरैनी बाजार और बलुआचक बाजार के दुकानदारों को भी सड़क की सीमा से बाहर रखी गई दुकानों एवं अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान इसी मार्ग से बड़ी संख्या में डाक बम एवं अन्य श्रद्धालु बाबाधाम के लिए गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर अतिक्रमण रहने से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अंचलाधिकारी सतीश कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि आमजन की सुविधा, सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी दुकानदारों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Comments