संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
प्रथम दृष्टया शराब सेवन से जुड़ा मामला प्रतीत, रिपोर्ट आने के बाद होगा खुलासा - प्रभारी निरीक्षक
कोन /सोनभद्र-
स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पीपरखाड़ के शिवदामर टोला निवासी श्याम बिहारी उरांव (45) पुत्र रामसुंदर उरांव की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया तथा क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

मृतक की पत्नी फूलमती देवी ने कोन थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति श्याम बिहारी उरांव की 5 जून की शाम लगभग 6 बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराकर मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में मृतक की पत्नी ने बताया कि वह ग्राम पीपरखाड़ के शिवदामर टोला की निवासी हैं तथा उनके पति की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उन्होंने मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस बावत् प्रभारी निरीक्षक कोन अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मृतक द्वारा शराब के सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Comments