ताड़ी निकालने के दौरान पेड़ से गिरकर व्यक्ति की मौत
अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे
स्वतंत्र प्रभात | पटना के धनरुआ से संवाददाता की रिपोर्ट
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
धनरूआ थाना क्षेत्र के बुलाकी बिगहा डुमरा गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बिहारी चौधरी उर्फ बुढ़ाई चौधरी, पिता गिरधारी चौधरी, निवासी बुलाकी बिगहा के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि बिहारी चौधरी रोज की तरह ताड़ के पेड़ पर चढ़कर ताड़ी निकालने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका हाथ फिसल गया और वे ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। पेड़ के नीचे कड़ी सतह (ढलाई) होने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उन्हीं के सहारे पूरे परिवार का पालन-पोषण होता था। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


Comments