आगामी दिनों में मौसम परिवर्तन की संभावना, आंधी-बारिश, वज्रपात एवं तेज हवाओं को लेकर प्रशासन सतर्क
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की जाती है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -
भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केन्द्र लखनऊ द्वारा दिनांक 27 अप्रैल 2026 को जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद सोनभद्र सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आगामी दिनों के दौरान मौसम में बदलाव होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 29 अप्रैल से 01 मई 2026 तक जनपद सोनभद्र में कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात, झोंकेदार तेज हवाएं (40 से 50 किमी प्रति घंटा) तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार इस अवधि में अचानक मौसम परिवर्तन, तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश एवं आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं, जिससे जनजीवन, यातायात, विद्युत आपूर्ति, कृषि कार्य एवं खुले क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों पर प्रभाव पड़ सकता है।
इसके अतिरिक्त वर्तमान समय में तापमान में वृद्धि के कारण प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में उष्ण लहर (लू) एवं गर्म रात्रि की स्थिति भी बनी हुई है। ऐसे में दिन के समय अत्यधिक गर्मी एवं शाम/रात्रि के समय अचानक मौसम परिवर्तन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियां
अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)/मुख्यकार्यपालक अधिकारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोनभद्र के निर्देशानुसार समस्त तहसील स्तरीय अधिकारियों, नगर निकायों, विद्युत विभाग स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, सिंचाई विभाग, पशुपालन विभाग एवं राजस्व विभाग को सतर्क रहने तथा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।
आपदा कंट्रोल रूम सक्रिय
विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित मरम्मत हेतु टीमों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, आकाशीय बिजली एवं दुर्घटना संबंधी उपचार हेतु अलर्ट रहने को कहा गया है।राजस्व एवं राहत टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी हेतु निर्देशित किया गया है।ग्राम पंचायत एवं नगर निकाय स्तर पर प्रचार-प्रसार कर जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
जनसामान्य हेतु सावधानियां
आंधी, बारिश एवं वज्रपात के दौरान गरज-चमक के समय घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें।
पेड़, बिजली के खंभे, टिन शेड, कमजोर दीवार एवं खुले मैदान से दूर रहें।
मोबाइल चार्जिंग, विद्युत उपकरणों का उपयोग सावधानी से करें।
खेत, नदी, तालाब एवं जलाशयों से तत्काल बाहर निकल जाएं।
तेज हवा के समय वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं।
लू एवं गर्मी से बचाव हेतु
दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।
पर्याप्त मात्रा में पानी, ORS, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करें।
हल्के रंग के सूती वस्त्र पहनें।
बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
खुले स्थान पर कार्यरत श्रमिक नियमित अंतराल पर विश्राम लें।
किसानों हेतु सलाह
तेज हवा एवं बारिश की संभावना को देखते हुए कटाई/मड़ाई कार्य सावधानीपूर्वक करें।
पशुओं को खुले स्थान से हटाकर सुरक्षित छायादार स्थान पर रखें।
खेतों में जल निकासी एवं सिंचाई व्यवस्था का समुचित प्रबंधन करें।
आपात स्थिति में करें संपर्क
किसी भी प्रकार की आपदा, दुर्घटना, वज्रपात, पेड़ गिरने, जलभराव अथवा अन्य आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम सोनभद्र के टोल फ्री नंबर 1077 अथवा संबंधित तहसील प्रशासन से संपर्क करें।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की जाती है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।


Comments