एक दर्जन स्कूली वाहनों का चालान,तीन निरुद्ध

जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया।

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही।जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) राम सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत स्कूली वाहनों और निजी बसों की सघन जांच की गई।
 
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 स्कूली वाहनों और बसों का चालान किया गया, जबकि 3 वाहनों को गंभीर अनियमितताओं के चलते निरुद्ध कर दिया गया। कार्रवाई की जद में आने वाले विद्यालयों में डोनिव पब्लिक स्कूल, काशी राज पब्लिक स्कूल, केजी मेमोरियल स्कूल, बीपीएमजी स्कूल और पीस कॉटेज स्कूल समेत अन्य शामिल हैं।
 
अधिकारी ने बताया कि कई वाहनों में आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए। इनमें कर अदायगी न होना, वैध परमिट का अभाव, प्रदूषण प्रमाण पत्र और बीमा प्रमाण पत्र की कमी जैसी खामियां शामिल रहीं, जो मोटर वाहन अधिनियम के तहत गंभीर उल्लंघन हैं।
 
उन्होंने सभी स्कूल बस और निजी बस संचालकों को निर्देश दिया है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक प्रपत्र तत्काल पूर्ण कराएं। चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में बिना दस्तावेजों के वाहन संचालन पाए जाने पर चालान, वाहन सीज करने और पंजीयन निलंबन जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जा सके।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

नवीनतम समाचार