बीयूएमएस डिग्री के सहारे अवैध क्लीनिक संचालन का आरोप
एलोपैथिक इलाज व ऑपरेशन तक किए जाने की चर्चा
पचपेड़वा (बलरामपुर)। थाना पचपेड़वा क्षेत्र अंतर्गत पचपेड़वा चौराहे के निकट नूरी मस्जिद के सामने नहर के पास स्थित एक निजी क्लीनिक को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। जानकारी के अनुसार, मिथुन नामक व्यक्ति द्वारा “निरंकारी क्लीनिक” के नाम से बीते कई वर्षों से चिकित्सा सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिस पर अब गंभीर आरोप लग रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों एवं ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित संचालक बी ए एमएस (बैचलर ऑफ यूनानी मेडिसिन एंड सर्जरी) की डिग्री धारक है, लेकिन इसके बावजूद क्लीनिक में एलोपैथिक पद्धति से इलाज किया जा रहा है। आरोप है कि यहां मरीजों को बिना किसी विशेषज्ञ चिकित्सक की देखरेख के ड्रिप चढ़ाई जाती है, इंजेक्शन लगाए जाते हैं, और यहां तक कि छोटे-मोटे ऑपरेशन भी किए जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्लीनिक में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, जिनसे इलाज के नाम पर भारी-भरकम शुल्क वसूला जाता है। कई लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि गंभीर मरीजों को भी यहीं रोककर इलाज किया जाता है, जिससे उनकी स्थिति और बिगड़ने का खतरा बना रहता है।
स्वास्थ्य विभाग के नियमों के अनुसार, किसी भी चिकित्सक को अपनी निर्धारित पद्धति के अलावा अन्य पद्धति से इलाज करने की अनुमति नहीं होती है। ऐसे में यदि बीयूएमएस डिग्री धारक द्वारा एलोपैथिक दवाओं एवं प्रक्रियाओं का प्रयोग किया जा रहा है, तो यह नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि क्लीनिक बिना पर्याप्त संसाधनों और आवश्यक लाइसेंस के संचालित हो रहा है। यहां स्वच्छता, आपातकालीन सुविधाएं एवं प्रशिक्षित स्टाफ की कमी होने की बात भी सामने आई है, जो मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।
ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही और अवैध चिकित्सा प्रथाओं पर रोक लगाई जा सके।
वहीं, इस पूरे मामले पर जब स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें यदि लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो टीम गठित कर जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
hindi news balrampur balrampur news swatantra prabhat balrampur बलरामपुर समाचार Balrampur Latest News health department action Pachpedwa Balrampur News illegal clinic balrampur nirankari clinic pachpedwa bum s degree clinic case illegal medical practice up fake doctor clinic unauthorized clinic balrampur allopathic treatment illegal medical rules violation up private clinic controversy illegal treatment clinic rural health issue up pachpedwa chauraha news medical malpractice india


Comments