कुशीनगर: पत्रकारिता में विश्वसनीयता और सत्य सर्वोपरि: सूर्यप्रताप शाही, प्रांतीय सम्मेलन में उठी ग्रामीण पत्रकारों की चुनौतियां
कुशीनगर। पडरौना स्थित एक निजी होटल में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का प्रांतीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बदलते समय और डिजिटल युग के प्रभाव के बावजूद आज भी अखबारों की खबरें विश्वसनीयता का प्रमुख आधार हैं। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे सनसनीखेज खबरों से बचते हुए तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता दें। साथ ही उन्होंने कहा कि पत्रकारिता एक जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है, जिसे निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ निभाना आवश्यक है।

Read More कोन बेचू वीर धाम मेला सकुशल संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना बेचू वीर धामकार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारों का दायित्व है कि वे अर्धसत्य से बचकर पूर्ण सत्य को समाज के सामने रखें और सकारात्मक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाएं। वहीं कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे ने ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकारिता को अत्यंत चुनौतीपूर्ण बताते हुए पत्रकारों के हितों और संघर्षों में सहयोग का आश्वासन दिया।

सम्मेलन को उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) राजेश्वर सिंह, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूल बदन कुशवाहा, विधायक मोहन वर्मा, मनीष जायसवाल (मंटू), विवेकानंद पांडेय और विनय प्रकाश गोंड सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान संगठन की ओर से मुख्य अतिथि को सात सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा गया। कार्यक्रम का संचालन यूएन इंटर कॉलेज के प्रवक्ता अनूप कुमार मिश्र ने किया। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह, उपाध्यक्ष कैप्टन वीरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Comments