आम के पेड़ से लटका मिला किशोर का शव, कार्रवाई की मांग पर अड़े ग्रामीण

 पुलिस के आश्वासन के बाद 8 घंटे बाद उतारा गया शव।

Swatantra Prabhat Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात।
प्रयागराज 
 
सराय ममरेज थाना क्षेत्र के भदारी गांव में गुरुवार को एक 17 वर्षीय किशोर का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन परिजन और ग्रामीण कार्रवाई की मांग को लेकर शव को पेड़ से नीचे उतारने नहीं दे रहे थे। करीब आठ घंटे तक चले हंगामे और पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद आखिरकार शव को पेड़ से उतारा गया।
 
मृतक की पहचान शुभम भारती (17) पुत्र बिंदु शेखर पासी, निवासी भदारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुभम ने हाल ही में हाईस्कूल (दसवीं) की परीक्षा पास की थी और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी तीन बहनें शिवांगी, शैलेन्द्री और शैल हैं। पिता बिंदु शेखर पासी पेशे से राजगीर (मिस्त्री) हैं, जबकि मां सीमा देवी गृहिणी हैं।
 
परिजनों के अनुसार घर के पीछे करीब 50 मीटर दूर स्थित बगीचे में आम के पेड़ की डाल से साड़ी के फंदे के सहारे शुभम का शव लटका मिला। बताया जा रहा है कि गुरुवार को दिनभर शुभम घर पर नहीं दिखा, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे। काफी खोजबीन के बाद शाम के समय बगीचे में उसका शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और देखते ही देखते गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
 
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में आई एक बारात के दौरान शुभम और गांव के ही आशु के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद को लेकर आशु ने बुधवार को थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। गुरुवार को पुलिस मामले की जांच के लिए गांव पहुंची थी। इस दौरान पुलिस शुभम की तलाश कर रही थी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। बताया जाता है कि पुलिस शुभम के पिता को पूछताछ के लिए थाने ले जाने लगी थी, तभी शुभम की मां की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
 
शाम को जब बगीचे में शुभम का शव पेड़ से लटका मिला तो पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया और घटना संदिग्ध नजर आने लगी। परिजन और ग्रामीणों ने इसे संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव को पेड़ से नीचे उतारने से मना कर दिया और मौके पर जमकर हंगामा किया।
 
सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब आठ घंटे बाद शव को पेड़ से नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
 
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं गांव में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें