नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
दुष्कर्म आरोपी को बचाने के लिए ग्रामीणों का हंगामा
पुलिस टीम पर दबाव — देर रात तक गांव में चला सर्च ऑपरेशन
बस्ती। जिले के गौर थाना क्षेत्र के डेंगरहा गांव में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम को शनिवार रात भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आरोपी को बचाने के लिए कुछ ग्रामीणों ने न केवल पुलिस कार्रवाई का विरोध किया बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए हंगामा भी किया।
स्थिति बिगड़ती देख कई थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी और देर रात तक पूरे गांव की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।मिली जानकारी के अनुसार, गौर थाना पुलिस को शनिवार रात लगभग 10:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का वांछित आरोपी अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नवीन हरिराय पुलिस टीम के साथ डेंगरहा गांव पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई शुरू की।
बताया जाता है कि जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के घर के पास पहुंची, उसके रिश्तेदारों और कुछ ग्रामीणों ने अचानक विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और पुलिसकर्मियों व ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। आरोप है कि कुछ लोगों ने आरोपी को बचाने के लिए पुलिस के काम में बाधा डाली, जिसका फायदा उठाकर आरोपी अंधेरे का लाभ लेकर मौके से फरार हो गया।स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिसकर्मियों ने तुरंत गौर थाने को सूचना दी।
इसके बाद सीओ हरैया स्वर्णिम सिंह के नेतृत्व में पैकोलिया, छावनी समेत कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में पहुंच गई। भारी पुलिस बल ने पूरे गांव को घेरकर देर रात तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और हालात को नियंत्रण में लिया।सीओ हरैया स्वर्णिम सिंह ने बताया कि दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गांव गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए हंगामा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हंगामा करने और आरोपी को भगाने में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि गंभीर अपराध के आरोपी को बचाने के लिए यदि भीड़ कानून के खिलाफ खड़ी होगी तो कानून व्यवस्था के लिए यह बड़ा खतरा बन सकता है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी।

Comments