होली से पहले लातेहार में खाद्य सुरक्षा का सख्त अभियान

40 किलो जलेबी नष्ट, कई प्रतिष्ठानों को नोटिस

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लातेहार, झारखंड:- लातेहार उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर बीते शनिवार को होली पर्व के मद्देनज़र जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक जांच अभियान चलाया। जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोईन अख्तर के नेतृत्व में मेन रोड, थाना चौक और स्टेशन रोड स्थित विभिन्न मीट दुकानों, मिष्ठान भंडारों, भोजनालयों, रेस्टोरेंट और होटलों की सघन जांच की गई।
 
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, पैकेजिंग और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। मेन रोड स्थित कल्लू मीट शॉप में मीट कटिंग में उपयोग हो रहे लकड़ी के तख्ते की समुचित सफाई नहीं पाए जाने पर ₹500 का चालान काटा गया और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
 
मेन रोड स्थित मिश्रा स्वीट्स में काफी पुराने लड्डू पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं स्टेशन रोड स्थित सुनील होटल में बेची जा रही जलेबी में अखाद्य रंगों की पुष्टि होने पर लगभग 40 किलोग्राम जलेबी को तत्काल नष्ट कर दिया गया तथा सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया।
 
मिष्ठान भंडारों में रसगुल्ला और पेड़ा में स्टार्च की मिलावट तथा जलेबी और लड्डू में अखाद्य रंगों की जांच की गई। कुछ अस्थायी भोजनालयों में बिना बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित सामग्री का उपयोग पाया गया, जिस पर संबंधित संचालकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपयोग करने का सख्त निर्देश दिया गया। करीब आधा दर्जन प्रतिष्ठानों को फूड लाइसेंस लेने हेतु नोटिस जारी किया गया।
 
डॉ. मोईन अख्तर ने बताया कि आम नागरिक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण द्वारा संचालित “फूड सेफ्टी कनेक्ट” ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं।उपायुक्त के निर्देशानुसार यह अभियान आगे भी पूरे जिले में जारी रहेगा। एफएसएसएआई के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें