नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
गोरखपुर पुल से कुआनो नदी में कूदी नाबालिग का सकुशल रेस्क्यू, सिंकरीगंज पुलिस की तत्परता से बची जान
सिकरीगंज पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कुंआनो नदी से सुरक्षित निकाला, परिजनों को सुपुर्द
गोरखपुर ब्युरो कार्यालय
(उत्तर प्रदेश)
गोरखपुर, जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक नाबालिग लड़की द्वारा पुल से नदी में कूदने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचा ली। घटना थाना क्षेत्रान्तर्गत बंसवारी गाँव के पास स्थित कुंआनो नदी पुल की है, जहां समय रहते किए गए रेस्क्यू अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28.02.2026 को शाम करीब 5 बजे थाना सिकरीगंज पुलिस टीम पैदल गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुंआनो नदी पुल से एक लड़की ने नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आशीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहले से मौजूद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बिना देर किए नदी में खोजबीन शुरू की गई।
पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से नाबालिग लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक स्तर पर उसकी हालत सामान्य पाई गई। तत्पश्चात उसे सुरक्षित थाना लाया गया और आवश्यक पूछताछ एवं नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों की जानकारी जुटाई और उन्हें थाने पर बुलाया। सभी आवश्यक औपचारिकताओं के बाद नाबालिग को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ कौस्तुभ एवं पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में यह पूरी कार्रवाई संपन्न हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देना नागरिकों का कर्तव्य है, जिससे समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
रेस्क्यू अभियान में थानाध्यक्ष आशीष कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक अजीत प्रताप सिंह, कांस्टेबल दिनेश कुमार एवं महिला कांस्टेबल मालती मझवार की विशेष भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें और किसी भी प्रकार की मानसिक या पारिवारिक परेशानी होने पर संवाद के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Comments