मितौली में शर्मनाक हालात: स्कूल की दीवार से सटा कूड़े का अंबार, मासूमों की सेहत से खिलवाड़

जहां गूंजनी चाहिए बच्चों की पढ़ाई, वहां उठ रही भयंकर दुर्गंध

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लखीमपुर खीरी- जिले के विकासखंड मितौली की ग्राम पंचायत खानपुर ग्रंट में शिक्षा और स्वच्छता व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल की बाउंड्री वाल से सटाकर गांव का कूड़ा डाला जा रहा है। हालात यह हैं कि जहां बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, वहां सड़ते कचरे की बदबू और संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत की अधिकांश गंदगी स्कूल की दीवार के पास ही इकट्ठा की जाती है। कूड़े के ढेर से उठती दुर्गंध, पनपते मच्छर और बैक्टीरिया बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं।
 
स्कूल परिसर के बाहर उपले भी पाथे जा रहे हैं, जो सड़-गलकर सूखते हैं और आसपास का वातावरण दूषित कर रहे हैं। स्कूल के प्रधानाध्यापक राज बहादुर ने बताया कि इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि पंचायत के ही कुछ दबंग लोग जबरन स्कूल के पास कूड़ा डालते हैं। मना करने पर गाली-गलौज तक की नौबत आ जाती है। 
 
एक ओर सरकार *“स्वच्छता”* और *“स्कूल चलो अभियान”* जैसे कार्यक्रमों का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्कूल के बाहर कूड़े का अंबार इन दावों की पोल खोल रहा है। यह स्थिति सीधे तौर पर बच्चों के स्वास्थ्य अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। यदि समय रहते गंदगी नहीं हटाई गई तो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। सवाल यह है कि प्रशासन कब जागेगा और मासूम छात्रों को इस गंदगी और बदबू से राहत दिलाएगा? अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें