नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
तीन घरों में चोरी, लाखों के जेवरात किए पार, गांव में दहशत, छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश
खिड़की काटकर घर में घुसे बदमाश
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के धन्नीपुर गांव में सोमवार रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। एक घर से करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए, जबकि दूसरे घर से 10 हजार रुपये नगद और दो सोने की अंगूठी पार कर दी गई। एक अन्य घर में चोरी की कोशिश नाकाम रही। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
गांव निवासी सुखेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे। जीने में लगी खिड़की की सरिया काटकर अंदर दाखिल हुए और जीने के दरवाजे का कुंडा खोल लिया। इसके बाद पहली मंजिल पर बने उनके बेटे हिमांशु सिंह के कमरे का ताला तोड़ दिया। कमरे में रखी अलमारी और श्रृंगार दानी खंगालकर करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
वारदात के समय सुखेंद्र ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी सुनीता और बेटी निवेदिता अपने-अपने कमरों में थीं। किसी को भी घटना की भनक नहीं लगी। सुबह पड़ोसी रमेश तिवारी जब सीसीटीवी फुटेज देखने पहुंचे, तब चोरी की जानकारी हुई।सुखेंद्र ने बताया कि उनकी बहू लखीमपुर खीरी में अध्यापक है और बेटा हिमांशु भी वहीं रहता है। उसका कमरा बंद था, जिसे चोरों ने निशाना बनाया।
इसी रात गांव के दक्षिणी छोर पर, सुखेंद्र के घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित अभय प्रताप सिंह उर्फ बाबू के घर में भी चोरी हुई। वहां से 10 हजार रुपये नगद और दो सोने की अंगूठी चोरी कर ली गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Comments