भटके हुए 10 वर्षीय बालक को बरही पुलिस ने सुरक्षित परिजनों से मिलाया
बरही, हजारीबाग, झारखंड:- ग्रामीणों की सूचना पर एक अज्ञात भटके हुए बच्चे को बरही पुलिस ने सुरक्षित उसके परिजनों से मिलवाया। बरही थाना के सब इंस्पेक्टर सुरजीत कुमार ने बताया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे देवचंदा मोड़ के समीप लगभग 10 वर्षीय एक अनजान बच्चा भटकता हुआ देखा गया, जो अपना नाम व पता बताने में असमर्थ था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार को दी।
सूचना को संज्ञान में लेते हुए थाना प्रभारी ने आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। निर्देशानुसार सब इंस्पेक्टर सुरजीत कुमार गश्ती दल के साथ देवचंदा मोड़ पहुंचे और बच्चे को अपने संरक्षण में लिया। काफी पूछताछ के बाद बच्चे की पहचान रहमत नगर जिला धनबाद निवासी मो. एहसान के 10 वर्षीय पुत्र मो. रेहान के रूप में हुई।
तत्पश्चात इसकी सूचना परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन थाना पहुंचे और आवश्यक सत्यापन के उपरांत बच्चे को सुरक्षित उनके हवाले कर दिया गया। इससे परिजनों को पुलिस के प्रति विश्वास बच्चा अपने परिजनों के साथ सकुशल रहमत नगर पहुंच चुका है। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस की चहुंओर प्रशंसा हो रही है।

Comments