नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
मलिहाबाद के ग्राम पंचायत बिराहिमपुर में आवास सूची में गड़बड़ी का आरोप, जांच की मांग
मलिहाबाद (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के विकासखंड मलिहाबाद की ग्राम पंचायत बिराहिमपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सचिव पर अपात्र लोगों के नाम आवास सूची में शामिल करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर गांव में नाराज़गी का माहौल है।ग्रामीणों का कहना है कि जिन लोगों के नाम आवास सूची में डाले गए हैं, उनके पहले से ही पक्के मकान बने हुए हैं। आरोप है कि पात्रता दिखाने के लिए नहर किनारे बनी झोपड़ी को आधार बनाकर उनके नाम सूची में शामिल कर दिए गए, जबकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ नहीं मिल सका।
इस संबंध में ग्रामीणों ने तहसील दिवस में प्रभारी अधिकारी को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि यदि मामले की गहराई से जांच कराई जाए तो आवास सूची में की गई कथित अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पात्रता की दोबारा जांच कर वास्तविक लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।अब देखना यह है कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

Comments