फर्जी जॉइनिंग लेटर का जाल: VDO की नौकरी का सपना दिखाकर 15 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बस्ती। बस्ती जिले मेंसरकारी नौकरी का सपना दिखाकर बेरोजगार युवकों को ठगने का एक और मामला सामने आया है। ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
 
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमौर निवासी दिनेश कुमार ने शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात परसा लगड़ा निवासी अखिलेश चौधरी से हुई थी। अखिलेश ने उन्हें सचिवालय में कार्यरत बताए जा रहे जयप्रकाश नामक व्यक्ति से मिलवाया। आरोप है कि दोनों ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और दावा किया कि वे फर्जी जॉइनिंग लेटर के माध्यम से कई लोगों की नियुक्ति करा चुके हैं।
 
दिनेश कुमार के अनुसार आरोपियों ने उन्हें ग्राम विकास अधिकारी के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग की। नौकरी पाने की उम्मीद में उन्होंने अलग-अलग तिथियों पर पूरी रकम आरोपियों को दे दी। हालांकि जब भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित हुआ तो उसमें उनका नाम नहीं था। इस पर जब उन्होंने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें टालमटोल किया गया।
 
पीड़ित का आरोप है कि दबाव बनाने पर आरोपियों ने एक्सिस बैंक के तीन चेक दिए, लेकिन खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण सभी चेक बाउंस हो गए। इसके बाद जब उन्होंने दोबारा पैसे की मांग की, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और उनकी गाड़ी की चाबी छीनकर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह जान बचाकर दिनेश कुमार बस्ती लौटे और पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की।
 
दिनेश कुमार ने बताया कि उनके पास इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े ऑडियो और वीडियो सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर थाना नगर में धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।थानाध्यक्ष भानु प्रताप ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें