अनियंत्रित मोटरसाइकिल सवार नाले में गिरा, दर्दनाक मौत

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बल्दीराय। सुल्तानपुर:बल्दीराय थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जिससे परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। थाना क्षेत्र के नंदरई गांव निवासी पवन शुक्ला पुत्र गया प्रसाद शुक्ला घर से किसी आवश्यक कार्य से मोटरसाइकिल द्वारा निकले थे। बताया जा रहा है कि जब वह हैधनाखुर्द गांव के हलियापुर–बेलवाई मार्ग के पास पहुंचे तभी उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित नाले में जा गिरी।
 
हादसा इतना गंभीर था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।उधर से गुजर रहे राहगीरों व ग्रामीणों ने जब युवक को नाले में गिरा देखा तो तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बल्दीराय नारदमुनि पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
 
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके परिवार में पत्नी शिल्पा शुक्ला और सात वर्षीय मासूम पुत्री अर्पिता है। पत्नी आवास विकास सुल्तानपुर में नौकरी करती हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।बताया जाता है कि परिवार में आज ही मृतक की साली की बारात आनी थी। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें